प्रयागराज के झूंसी थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर उपेंद्र सिंह के तबादले के बाद उनका अनोखा विदाई समारोह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। विदाई के दौरान पुलिसकर्मी और स्थानीय लोग फूलों से सजी बग्घी में उन्हें बिठाकर भावुक क्षण साझा करते दिखे। सब-इंस्पेक्टर उपेंद्र सिंह को फूलों की बरसात के बीच जोरदार जयकारों के साथ विदा किया गया, जिससे कई लोग भावुक हो गए।
अतीक अहमद के खिलाफ उठाए कदम
उपेंद्र सिंह ने प्रयागराज के पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र में माफिया अतीक अहमद और उसके गैंग के खिलाफ कई सख्त कदम उठाए। अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की हत्या के बाद उन्होंने अतीक गैंग के खिलाफ कड़ी कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। साथ ही योगी सरकार के ऑपरेशन माफिया अभियान में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रही।
एसआई उपेंद्र सिंह को तेज तर्रार पुलिस अफसर माना जाता है। उन्होंने माफिया अतीक की करोड़ों की संपत्ति कुर्क कराने में भी अहम भूमिका निभाई, जिसके लिए उन्हें अधिकारियों से प्रशस्ति पत्र भी मिला।
लोगो ने किया आयोजन
झूंसी थाने में एक साल की तैनाती के दौरान उनका निष्पक्ष और कठोर रवैया लोगों के बीच काफी लोकप्रिय रहा। जब उनके गैर-जनपद तबादले की खबर आई तो पुलिसकर्मी और स्थानीय लोग बेहद निराश हो गए। जिसके बाद उन्हें ससम्मान विदाई दी गई। विदाई समारोह में फूलों से सजाई गई बग्घी में बैठाकर उपेंद्र सिंह को सम्मानपूर्वक विदा किया गया, जो उनके समर्पण और सेवा के लिए एक खास एहसानमंदाना था।