मध्य प्रदेश पुलिस में तैनात एक लाख से अधिक अधिकारी और कर्मचारी अब छुट्टी, डेपुटेशन और सेवा से जुड़े अन्य मामलों के लिए कागजी आवेदन लेकर दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाएंगे। पुलिस मुख्यालय ने इसके लिए एक नई ऑनलाइन व्यवस्था तैयार की है, जिससे पूरी प्रक्रिया डिजिटल हो जाएगी।
इसलिए हुआ बदलाव
इस नई व्यवस्था के तहत पुलिसकर्मी मोबाइल या कंप्यूटर के जरिए कहीं से भी आवेदन कर सकेंगे। आवेदन करने के बाद उन्हें यह जानने में भी आसानी होगी कि उनका प्रकरण किस स्तर पर है और आगे क्या कार्रवाई हुई है। पुलिस मुख्यालय द्वारा विकसित इस सिस्टम के पहले चरण का काम इसी महीने पूरा होने जा रहा है।
नई प्रणाली में पुलिसकर्मियों की सेवा पुस्तिका को भी डिजिटल रूप में सुरक्षित किया जा रहा है। अब तक सेवा से जुड़ी जानकारी कागजों में दर्ज रहती थी, जिसे तलाशने में समय लगता था। अब छुट्टियों का विवरण, पुरस्कार, दंड और अन्य सेवा रिकॉर्ड ऑनलाइन उपलब्ध रहेंगे।
पुलिस विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पहले से लागू पर्सनल इंफॉर्मेशन सिस्टम तकनीकी जरूरतों के अनुरूप नहीं रह गया था और लंबे समय से अपडेट नहीं हुआ था। इसी कारण उसे बंद कर नई व्यवस्था तैयार की गई है, जिसमें पुरानी कमियों को दूर किया गया है।
डेटा हुआ अपलोड
अब तक एक लाख से अधिक पुलिसकर्मियों का रिकॉर्ड पोर्टल पर अपलोड किया जा चुका है, जबकि शेष कर्मचारियों का डाटा भी चरणबद्ध तरीके से जोड़ा जा रहा है। पुलिस बल का बड़ा हिस्सा मैदानी ड्यूटी में तैनात रहता है, ऐसे में यह ऑनलाइन सिस्टम उनके लिए बड़ी सुविधा साबित होगा।
पुलिस मुख्यालय को उम्मीद है कि इस व्यवस्था के लागू होने से प्रशासनिक कामकाज तेज होगा, पारदर्शिता बढ़ेगी और पुलिसकर्मियों को अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिलेगी।