बस्ती जिले में साइबर अपराधों से निपटने के लिए एक नया, अत्याधुनिक साइबर थाना स्थापित किया जाएगा। इसके लिए 3.96 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जा चुकी है। जिला प्रशासन ने थाना निर्माण के लिए 0.210 हेक्टेयर भूमि भी आवंटित कर दी है, जो कृषि विज्ञान केंद्र के पास कोइलपुरा गांव में स्थित है।
एसपी की निगरानी में हो रहा काम
पुलिस अधीक्षक की निगरानी में यह परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है और अगले कुछ महीनों में इसका निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है। नया साइबर थाना सिर्फ अपराध जांच के लिए नहीं, बल्कि साइबर जागरूकता बढ़ाने के लिए भी विभिन्न शिविर और कार्यक्रम आयोजित करेगा, जिनमें स्कूल, कॉलेज और व्यापारिक संगठनों को शामिल किया जाएगा।
2026 में शुरू हो जाएगा थाना
इस थाने में डिजिटल सर्विलांस, फारेंसिक लैब और डेटा एनालिटिक्स जैसी अत्याधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जाएगा। इससे ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया अपराध, बैंक धोखाधड़ी, हैकिंग और फर्जी वेबसाइट जैसी घटनाओं की जांच अधिक प्रभावी ढंग से हो सकेगी। उम्मीद है कि 2026 की पहली छमाही तक यह थाना पूरी तरह से कार्यरत हो जाएगा, जिससे साइबर अपराधों पर सख्त नियंत्रण संभव होगा।