अलीगढ़: लापता इंस्पेक्टर की मां का बड़ा आरोप, पूर्व एसएसपी संजीव सुमन पर बेटे की हत्या कराने का दावा

Share This

अलीगढ़ में 5 महीने से लापता सस्पेंडेड इंस्पेक्टर अनुज कुमार के मामले में बड़ा मोड़ आ गया है। इंस्पेक्टर की मां सुशीला देवी ने जिले के पूर्व एसएसपी संजीव सुमन पर बेटे की हत्या कराने का गंभीर आरोप लगाया है। मां के आरोपों के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।

मां ने लगाया आरोप

सुशीला देवी का दावा है कि 17 सितंबर 2025 को उनका बेटा घर से अचानक गायब नहीं हुआ, बल्कि महुआखेड़ा थाना पुलिस उसे अपने साथ ले गई थी। उनके अनुसार, इसका वीडियो भी उनके पास मौजूद है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बाद से न तो पुलिस ने स्पष्ट जानकारी दी और न ही उनके बेटे का कोई सुराग लग सका।

मां का कहना है कि अनुज कुमार को विभागीय लापरवाही और गैरहाजिरी के आरोप में तत्कालीन एसएसपी संजीव सुमन ने निलंबित किया था। अधिकारियों के सामने पेश न होने पर उन पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। सुशीला देवी का आरोप है कि इसी रंजिश में उनके बेटे को गायब कराया गया।

मामले की जांच कर रहे सीओ जेएन अस्थाना के अनुसार, दाऊद खान रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक पर एक अज्ञात शव मिला था, जो ट्रेन से कटकर क्षत-विक्षत हो गया था। शिनाख्त के लिए परिजनों को बुलाया गया और डीएनए सैंपल लिया गया है। हालांकि, मां ने बरामद कपड़ों को अपने बेटे का मानने से इनकार कर दिया है और डीएनए जांच पर जोर दिया है।

पांच महीनों से काट रहे चक्कर

परिवार पिछले पांच महीनों से अधिकारियों के चक्कर काट रहा है। मां ने मुख्यमंत्री और हाईकोर्ट में भी गुहार लगाई है। अब पूर्व एसएसपी पर सीधे हत्या का आरोप लगाए जाने से मामला और गंभीर हो गया है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण में अभियोग दर्ज कर विवेचना जारी है और जल्द सच्चाई सामने लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *