मेरठ। शहर में बढ़ती फायरिंग की घटनाओं को लेकर एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने सख्त रुख अपनाया है। शनिवार को थाना दिवस पर परतापुर थाने पहुंचे कप्तान ने कानून-व्यवस्था की समीक्षा की और सीधे तौर पर थाना प्रभारी सतवीर अत्री को फटकार लगाई। एसएसपी ने कहा कि लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं पर नियंत्रण न कर पाना गंभीर लापरवाही है।
हेड कांस्टेबल को मिला इनाम
निरीक्षण के दौरान थाने का मालखाना व्यवस्थित और रिकॉर्ड दुरुस्त मिला। इस पर एसएसपी ने मालखाना प्रभारी हेडकांस्टेबल हंसराज को एक हजार रुपये नकद देकर सम्मानित किया। वहीं, पीड़ितों की सुनवाई के बाद कप्तान ने थाने परिसर और पुलिस आवासों का भी निरीक्षण किया। खराब हालात पर मरम्मत का भरोसा दिया गया।
एसएसपी ने सुशांत सिटी सेक्टर-3 में फायरिंग करने वाले मनीष कसाना का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की पुष्टि की। साथ ही आठ नामजद आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी के आदेश दिए। दूसरी ओर, शताब्दी नगर में प्रॉपर्टी डीलर की कार पर फायरिंग करने वाले पांच आरोपित पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं, लेकिन मुख्य आरोपी सुभाष शर्मा अभी फरार है।
कप्तान ने दिया साफ संदेश
कप्तान ने साफ किया कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में किसी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने गश्त बढ़ाने और शेष आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को सक्रिय किया।