मेरठ। यूपी पुलिस के ऑपरेशन लंगड़ा के तहत सोमवार सुबह हुई मुठभेड़ में पुलिस ने नौ महीने से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी शहजाद उर्फ निक्की को ढेर कर दिया। आरोपी दो मासूम बच्चियों से दरिंदगी के मामलों में वांछित था और कई महीनों से पुलिस की पकड़ से बाहर था।
ये है मामला
सरूरपुर थाना पुलिस को सोमवार सुबह सूचना मिली कि शहजाद बिना नंबर की बाइक पर सरधना-बिनौली मार्ग की ओर जा रहा है। पुलिस ने जोड़ा प्याऊ के पास चेकिंग अभियान शुरू किया, तभी एक संदिग्ध युवक को रोकने की कोशिश की गई। रोकने पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिसमें शहजाद को सीने में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा।
घायल आरोपी को पुलिस तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मारा गया अपराधी मेरठ के बहसूमा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर साकिस्त गांव का रहने वाला था। वह पिछले साल पांच साल की बच्ची से दुष्कर्म के मामले में जेल जा चुका था, लेकिन बाहर आने के बाद उसने दोबारा वैसी ही घिनौनी वारदात को अंजाम दिया।
एसएसपी ने दी जानकारी
एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि मृतक शहजाद के खिलाफ संगीन अपराधों के सात मामले दर्ज थे। शनिवार रात उसने पीड़ित बच्ची के घर फायरिंग कर धमकी दी थी कि अगर मुकदमा वापस नहीं लिया तो वह जान से मार देगा। इसके बाद से पुलिस उसकी घेराबंदी में लगी थी। सोमवार की सुबह हुई मुठभेड़ में उसके आपराधिक सफर का अंत हो गया।