कांवड़ यात्रा 2025 को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए मेरठ जोन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी कड़ी में एडीजी मेरठ जोन भानु भास्कर ने एक महत्वपूर्ण बैठक की, जिसमें रेंज के सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से निर्देश जारी किए गए।
एडीजी ने कहा ये
बैठक में विशेष तौर पर यह कहा गया कि पुलिसकर्मी सोशल मीडिया पर रील बनाने या ड्यूटी के दौरान अनुचित व्यवहार से बचें। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं से दुर्व्यवहार नहीं करेगा और ना ही किसी तरह का नशा करेगा।
भानु भास्कर ने कहा, “कांवड़ यात्रा हमारी जिम्मेदारी है, इसे वैसी ही गंभीरता से लें जैसी कुंभ जैसे आयोजनों में ली जाती है।”
हर पुलिसकर्मी को समय से पहले अपने ड्यूटी प्वाइंट पर पहुंचने और बिना रिलीवर के ड्यूटी न छोड़ने के आदेश दिए गए। भीड़ नियंत्रण, मंदिरों पर बैरिकेडिंग, पार्किंग और ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्थाएं पहले से दुरुस्त रखने को कहा गया है।
हर कदम पर पुलिस तैनात
सुरक्षा के लिहाज से रूट पर सीसीटीवी कैमरे, वॉच टावर और ड्रोन से नजर रखने की व्यवस्था की जा रही है। रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, ढाबों और पेट्रोल पंपों पर भी पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जाएगी।
मेरठ, बागपत और अन्य जिलों में कांवड़ मोबाइल बाइक दस्ते तैनात किए जाएंगे, जो लगातार गश्त करेंगे। हर एक किलोमीटर पर एक बाइक रहेगी, जिस पर दरोगा के साथ चार सिपाही मौजूद रहेंगे।
संवेदनशील जगहों पर उत्तेजक नारे या भड़काऊ गानों पर सख्त रोक रहेगी। किसी भी प्रकार की घटना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।