‘ये मुलायम की सरकार नहीं…’, Fatehpur SP को सख्त लहजे धमकाते BJP जिलाध्यक्ष का वीडियो वायरल

Share This

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में मकबरा बनाम मंदिर विवाद के बीच अब राजनीति और गरमा गई है। जिले के एसपी और बीजेपी जिलाध्यक्ष मुखलाल पाल के बीच हुई तीखी बातचीत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में मुखलाल पाल जिले के पुलिस कप्तान अनूप सिंह से बेहद सख्त लहजे में बात करते हुए कह रहे हैं, जिसके बाद मामला और बढ़ गया है।

ये है मामला

जानकारी के मुताबिक, ये वीडियो तब का बताया जा रहा है जब सोमवार को हिंदू संगठनों ने नवाब अब्दुल समद के मकबरे को ‘ठाकुर जी का मंदिर’ बताते हुए वहां पूजा का ऐलान किया था। बड़ी संख्या में लोग वहां इकट्ठा हुए थे। हालात बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस पहले से ही मौके पर तैनात थी। इसी दौरान का ये वीडियो वायरल हो रहा है।

इस वीडियो में मुखलाल पाल जिले के पुलिस कप्तान अनूप सिंह से बेहद सख्त लहजे में बात करते हुए कह रहे हैं – “यह मुलायम सिंह यादव की सरकार नहीं है कि आप गोली चला देंगे। अगर हिम्मत है तो गोली चलवाइए।”

वीडियो वायरल होने के बाद विपक्ष ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता पक्ष के लोग पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं। सपा और बसपा ने आरोप लगाया कि बीजेपी सांप्रदायिक माहौल को भड़काने का काम कर रही है।

जिलाधिकारी को भी लिखा था पत्र

बीजेपी जिलाध्यक्ष मुखलाल पाल ने ही कुछ दिन पहले जिलाधिकारी को पत्र लिखकर 11 अगस्त को पूजा करने की सूचना दी थी। इस ऐलान के बाद कई हिंदूवादी संगठन भी सक्रिय हो गए और उस स्थान पर पहुंच गए, जिसे एक पक्ष मकबरा मानता है तो दूसरा मंदिर।

फिलहाल पुलिस ने इस मामले में FIR दर्ज की है लेकिन जिलाध्यक्ष मुखलाल पाल का नाम अब तक दर्ज नहीं किया गया है। फिलहाल हालात नियंत्रण में हैं लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो विवाद को और हवा दे रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *