मथुरा जिले में होली के अवसर पर आयोजित होने वाली विश्व प्रसिद्ध लठामार होली और रंगोत्सव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं, ताकि त्योहार के दौरान आने वाली भारी भीड़ को व्यवस्थित ढंग से संभाला जा सके।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मथुरा जनपद में रंगोत्सव-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष व्यवस्थाएं लागू की जा रही हैं। इस बार बरसाना मेला क्षेत्र को सात जोन और 18 सेक्टरों में विभाजित किया गया है, जिससे भीड़भाड़ वाले इलाकों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में आसानी होगी।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए बरसाना क्षेत्र में 56 पार्किंग स्थल और 94 अवरोधक स्थापित किए जा रहे हैं। इसके अलावा श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए 13 स्वास्थ्य केंद्र और पांच दोपहिया एम्बुलेंस तैनात की जाएंगी।
एसएसपी ने कहा ये
एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि सुरक्षा के लिए पांच वॉचटावर स्थापित किए जाएंगे और अग्निशमन की विशेष व्यवस्था भी रहेगी। पूरे मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन निगरानी और सार्वजनिक घोषणा प्रणाली के जरिए लगातार नजर रखी जाएगी।
भीड़ प्रबंधन को सुचारु रखने के लिए जगह-जगह बैरिकेडिंग और अवरोधक लगाए जा रहे हैं, जिससे श्रद्धालुओं की आवाजाही व्यवस्थित बनी रहे। इसके साथ ही मेला क्षेत्र में खोया-पाया केंद्र और नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किए जाएंगे, ताकि आपात स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके।