DGP के आदेश पर प्रदेश भर में मिशन शक्ति को लेकर फैलाई जा रही जागरूकता

Share This

मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत उत्तर प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के अंतर्गत पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार प्रदेशभर में महिला सशक्तिकरण को लेकर कई गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसमें आत्मरक्षा प्रशिक्षण, हेल्पलाइन सेवाओं का प्रचार-प्रसार, अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी, गुमशुदा महिलाओं और बच्चों की बरामदगी और अपराधियों को सख्त सजा दिलाने जैसे उद्देश्य शामिल हैं

इन जिलों में आयोजित हुए कार्यक्रम

इसी कड़ी में लखनऊ, अमरोहा और ललितपुर जनपदों में जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। लखनऊ में 312 महिला रिक्रूट आरक्षियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर “सुरक्षित नारी, सशक्त भारत” का संदेश जन-जन तक पहुँचाया। इस मैराथन कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा और आत्मविश्वास को प्रोत्साहित किया गया।

अमरोहा में 400 से अधिक छात्राओं और महिला पुलिसकर्मियों ने भाग लेकर जागरूकता रैली और नुक्कड़ नाटक के ज़रिए बाल विवाह जैसे सामाजिक अपराधों के विरुद्ध जनजागरूकता फैलाई। छात्राओं ने अपने प्रदर्शन से यह संदेश दिया कि जागरूक समाज ही बदलाव की दिशा में पहला कदम है।

भव्य रैली का भी हुआ आयोजन

ललितपुर में महिला पुलिसकर्मियों, रिक्रूट आरक्षियों और छात्राओं की सहभागिता से एक भव्य रैली का आयोजन हुआ, जो शहर के मुख्य मार्गों से गुजरती हुई नागरिकों को यह संदेश देती रही कि नारी अब अबला नहीं, बल्कि समाज की शक्ति है। रैली के नारों और उत्साह ने मिशन शक्ति की भावना को मजबूती प्रदान की। यह अभियान महिलाओं को न केवल सुरक्षित महसूस कराता है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा भ देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *