सोमवार को दिल्ली सचिवालय में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की जनसुनवाई के दौरान अचानक हंगामा हो गया। भीड़ में मौजूद एक युवक ने दस्तावेज सौंपने के बाद मुख्यमंत्री पर हमला कर दिया। धक्का-मुक्की के बीच सीएम का सिर टेबल से टकरा गया, जिससे उन्हें हल्की चोट आई। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी ने अचानक मुख्यमंत्री का हाथ पकड़कर खींचने की कोशिश की। इससे संतुलन बिगड़ गया और सीएम का सिर मेज से टकरा गया। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत आरोपी को काबू में ले लिया।
आरोपी कौन है?
दिल्ली पुलिस ने बताया कि आरोपी का नाम राजेश भाई खिमजी भाई सकरिया है, जो गुजरात के राजकोट का निवासी है। वह एक रिक्शा चालक परिवार से आता है और खुद को पशु प्रेमी बताता है। शुरुआती पूछताछ में उसने बताया कि उसका एक परिजन जेल में बंद है और उसी से जुड़े दस्तावेज लेकर वह जनसुनवाई में पहुंचा था।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी पहले भी दिल्ली की यात्रा कर चुका है। राजकोट पुलिस द्वारा की गई जांच में उसकी मां ने बताया कि बेटा मानसिक रूप से बीमार है और सुप्रीम कोर्ट के आवारा कुत्तों पर दिए गए फैसले के बाद से परेशान था। मां ने दावा किया कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि वह मुख्यमंत्री से मिलने जाएगा।
पुलिस की कार्रवाई
दिल्ली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसका आधार कार्ड जब्त कर लिया गया है। घटना की विस्तृत जानकारी गृह मंत्रालय को भेजी गई है। साथ ही गुजरात पुलिस से भी आरोपी के बारे में अतिरिक्त जानकारी मांगी गई है। फिलहाल उससे लगातार पूछताछ जारी है।