Mahoba: नियम उल्लंघन के चलते SP ने की कार्रवाई, कई पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज

Share This

महोबा। कोतवाली चरखारी के गुढ़ा गांव में जुआ फड़ पर सादा वर्दी में दबिश देने गए पुलिसकर्मियों पर विभागीय कार्रवाई की गई है। बिना किसी वरिष्ठ अधिकारी को सूचना दिए छापेमारी करने पर एसपी प्रबल प्रताप सिंह ने गौरहारी चौकी प्रभारी प्रशांत दीक्षित को निलंबित करते हुए दो सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया है।

ये था मामला 

हाल ही में चौकी प्रभारी दो सिपाहियों के साथ निजी वाहन और साधारण कपड़ों में गोशाला के पास जुआ खेलते लोगों को पकड़ने पहुंचे थे। टीम ने वहां से 1170 रुपये बरामद भी किए। लेकिन ग्रामीणों को यह कार्रवाई संदिग्ध लगी और मौके पर मौजूद महिलाओं ने पुलिसकर्मियों को घेरकर विरोध शुरू कर दिया।

महिलाओं ने चौकी प्रभारी पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए उनका मोबाइल छीनने की कोशिश की। हंगामा बढ़ता देख उन्हें भीड़ को शांत करने के लिए अपनी जेब से कुछ रुपये निकालने पड़े। इस दौरान पूरी घटना का वीडियो बन गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

चौकी प्रभारी की ओर से गांव के चार लोगों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया गया, लेकिन बिना आदेश और निर्धारित प्रक्रिया के उल्लंघन को गंभीर माना गया।

एसपी ने दी जानकारी 

एसपी ने कहा कि किसी भी अभियान या दबिश की जानकारी संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों को देना अनिवार्य है। नियमों के खिलाफ काम करने और स्थिति पर नियंत्रण न रख पाने के चलते चौकी प्रभारी को निलंबित और उनके साथ गए मोहम्मद कामिल तथा कुलदीप को लाइन हाजिर किया गया है। इस प्रकरण की विभागीय जांच जारी है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *