कुशीनगर में छात्राओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले दो शोहदों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद धर दबोचा। दोनों लंबे समय से फरार थे और स्कूल-कॉलेज के बाहर लड़कियों को परेशान करते थे। एसपी संतोष मिश्र के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई ने स्पष्ट संदेश दिया है कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरतेगी।
ऐसे हुए गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश पुलिस ने महिला सुरक्षा को लेकर अपने संकल्प को एक बार फिर साबित किया है। कुशीनगर के रामकोला क्षेत्र में स्कूली छात्राओं से छेड़खानी और अश्लील हरकतें करने वाले असलम और जुल्फिकार नाम के दो शोहदों को पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की घेराबंदी के दौरान भागने की कोशिश में दोनों ने फायरिंग भी की, लेकिन जवाबी कार्रवाई में घायल होकर दबोच लिए गए। गिरफ्तारी के समय आरोपियों के पास से दो तमंचे, कारतूस, बाइक और नकदी बरामद हुई।
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों बदमाश लंबे समय से इलाके की छात्राओं को टारगेट करते थे। स्कूल-कॉलेज के बाहर खड़े होकर लड़कियों पर अश्लील टिप्पणी करते, पीछा करते और डर का माहौल बनाते थे। यहां तक कि एक बार तो ये बदमाश एक छात्रा को छेड़ते हुए स्कूल के भीतर तक घुस गए थे। महिला सुरक्षा के लिए खतरा बने इन अपराधियों पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था।
एसपी ने कहा ये
एसपी संतोष मिश्र ने प्रेसवार्ता में कहा कि बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की यह सख्त कार्रवाई न सिर्फ अपराधियों के लिए चेतावनी है बल्कि समाज में यह भरोसा भी जगाती है कि यूपी पुलिस बहन-बेटियों की रक्षा के लिए हरदम तत्पर है।