यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा 1-2 नवंबर को, 10 जिलों में सख्त सुरक्षा, जानें बरेली जोन के बारे में

Share This

उत्तर प्रदेश पुलिस में लंबे समय से प्रतीक्षित कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए, उपनिरीक्षक (गोपनीय), सहायक उपनिरीक्षक (लिपिक) और सहायक उपनिरीक्षक (लेखा) की सीधी भर्ती की लिखित परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। भर्ती बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि यह परीक्षा ऑफलाइन माध्यम से 1 और 2 नवंबर को प्रदेश के दस जिलों — बरेली, लखनऊ, कानपुर नगर, मुरादाबाद, गोरखपुर, झांसी, प्रयागराज, मेरठ और वाराणसी में आयोजित होगी।

बनाए गए 15 केंद्र

बरेली में परीक्षा दो दिनों तक चलेगी, जहां कुल 15 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। पहले दिन 6,960 और दूसरे दिन 6,000 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए प्रत्येक केंद्र पर एक प्रभारी निरीक्षक, पांच उपनिरीक्षक, महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की टीम तैनात की गई है। जिले में ट्रैफिक और भीड़ नियंत्रण की जिम्मेदारी एसपी ट्रैफिक अकमल खान को सौंपी गई है।

डीआईजी बरेली रेंज अजय कुमार साहनी के अनुसार सभी परीक्षा केंद्रों की रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी। इसके लिए कंट्रोल रूम से सीधी लिंकिंग की व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई हो सके। महिला अभ्यर्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिस बल की विशेष तैनाती की गई है। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, वीडियोग्राफी और गश्ती दल की मदद से नकलविहीन और पारदर्शी परीक्षा सुनिश्चित की जाएगी।

कब पहुंचना होगा ?

अभ्यर्थियों के लिए विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। प्रवेश पत्र और पहचान पत्र के बिना किसी को भी परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा। उम्मीदवारों को रिपोर्टिंग समय से कम से कम 45 मिनट पहले पहुंचना होगा। परीक्षा केंद्रों की पूरी वीडियोग्राफी होगी और किसी भी अनियमितता की स्थिति में परीक्षा निरस्त कर दी जाएगी। परीक्षार्थियों को सादी पोशाक में आना अनिवार्य है, जबकि जेब आदि की अतिरिक्त जांच भी की जाएगी। गेट बंद होने के बाद किसी भी स्थिति में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *