कुशीनगर जिले में इन दिनों महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। एसपी संतोष कुमार मिश्रा की अगुवाई में शुरू किया गया “ऑपरेशन मजनू” लड़कियों और महिलाओं के लिए एक ठोस सुरक्षा कवच बनता जा रहा है। इस अभियान के तहत पुलिस की टीमें सादे कपड़ों में स्कूल, कॉलेज और बाजारों में तैनात हैं, ताकि छेड़खानी जैसी घटनाओं पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। इसी क्रम में पुलिस ने एक छेड़खानी के आरोपी को मजह छह घंटे में पकड़ लिया।
ये है मामला
हाल ही में कप्तानगंज थाना क्षेत्र में मुस्लिम युवतियों से छेड़खानी की शिकायत सामने आई थी। पीड़िता के पिता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने महज छह घंटे में आरोपी अफरोज अंसारी को गिरफ्तार कर लिया।
इस गिरफ्तारी में इंस्पेक्टर चंद्रभूषण प्रजापति ने सब इंस्पेक्टर सौरभ द्विवेदी, अंकित सिंह और कांस्टेबल इतेश कुमार व रितेश कुमार की टीम ने सफलता हासिल की। इस तेजी से हुई कार्रवाई से साफ है कि अब पुलिस सिर्फ शिकायत दर्ज नहीं करती, बल्कि समय पर ठोस कदम भी उठा रही है।
एसपी ने कहा ये
एसपी संतोष मिश्रा ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में इस अभियान के तहत छेड़छाड़ के आधा दर्जन से ज्यादा मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है। उनका कहना है कि महिला सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यह पहल न केवल अपराधियों के लिए चेतावनी है, बल्कि उन अभिभावकों और छात्राओं के लिए राहत है जो अपने आस-पास असुरक्षित महसूस करते थे। कुशीनगर पुलिस का यह अभियान बाकी जिलों के लिए भी एक प्रेरणा बन सकता है कि महिला सुरक्षा के लिए सख्ती और संवेदनशीलता दोनों जरूरी हैं।