कन्नौज। जिले में लंबे समय से फरार चल रहे और जिला बदर किए गए सपा नेता कैश खान को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को मिली पुख्ता मुखबिरी सूचना पर गुरुवार रात उनके घर पर छापा मारा गया। जब पुलिस ने तलाशी शुरू की तो पहले तो उनका छोटा भाई पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन जांच के दौरान कैश खान एक कमरे में बने मचान पर गद्दे में लिपटा हुआ छिपा मिला।
जिला बदर का आदेश, फिर भी लौट आया था घर
करीब सवा महीने पहले डीएम कोर्ट ने कैश खान को छह माह के लिए जिला बदर करने का आदेश दिया था। उस दौरान कोतवाली पुलिस उसे खुद सरकारी गाड़ी से कानपुर बॉर्डर तक छोड़कर आई थी और साफ निर्देश दिए गए थे कि वह जिले की सीमा में प्रवेश नहीं करेगा। इसके बावजूद कैश खान चोरी-छिपे कन्नौज लौट आया और अपने घर में रह रहा था।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, उन्हें मुखबिर से सूचना मिली थी कि कैश खान घर पर अपने लोगों के साथ दावत उड़ा रहा है। सूचना के समर्थन में पुलिस को एक वीडियो भी दिखाया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल दबिश दी। तलाशी में उसका भाई झूठ बोलकर टालमटोल करता रहा, लेकिन अंततः मचान पर छिपे कैश खान को गिरफ्तार कर लिया गया।
कैश खान समाजवादी पार्टी में सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के करीबी नेताओं में गिने जाते हैं। बताया जाता है कि 25 जुलाई को जब अखिलेश यादव कन्नौज दौरे पर आए थे तो उन्होंने कैश खान के बालापीर मोहल्ला स्थित घर का भी दौरा किया था। महज तीन दिन बाद ही कैश खान पर जिला बदर की कार्रवाई हुई थी।
कई मुकदमों में वांछित, भाई भी हिरासत में
एसपी कन्नौज विनोद कुमार ने बताया कि कैश खान पर गुंडा एक्ट, गैंगस्टर और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। जिलाबदर की अवहेलना करते हुए वह जिले में पाया गया, इसीलिए उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा, छापेमारी के दौरान पुलिस को गुमराह करने के आरोप में उसके छोटे भाई को भी हिरासत में लिया गया है।