वर्ष 2013 बैच के तेजतर्रार आईपीएस अधिकारी रोहित सिंह सजवान को उत्तर प्रदेश सरकार ने केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए कार्यमुक्त कर दिया है। उन्हें हाल ही में सहारनपुर एसएसपी पद से हटाकर डीजीपी मुख्यालय में अटैच किया गया था। उनके स्थान पर CID लखनऊ में तैनात एसपी आशीष तिवारी को सहारनपुर का नया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बनाया गया था।।
कैसा रहा कार्यकाल
रोहित सिंह सजवान मूल रूप से उत्तराखंड के नई टिहरी जिले के चाका किराड़ा गांव से ताल्लुक रखते हैं। उनके पिता वहीं के एक सरकारी उच्च प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक रहे हैं। प्रारंभिक शिक्षा नैनीताल के सरस्वती विहार स्कूल से प्राप्त करने के बाद उन्होंने 2009 में इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन में बीटेक किया।
वे भाभा एटॉमिक रिसर्च सेंटर (BARC) में ग्रुप ‘A’ साइंटिस्ट के तौर पर कार्यरत रहे, लेकिन उनका रुझान सार्वजनिक सेवा की ओर रहा और बाद में उन्होंने भारतीय पुलिस सेवा का रास्ता चुना।
अपनी सेवा यात्रा में रोहित सजवान ने कई महत्वपूर्ण जनपदों में एसपी/एसएसपी के रूप में कार्य किया है। उनकी पहली नियुक्ति महाराजगंज में बतौर कप्तान हुई थी। इसके बाद वे बरेली, मेरठ, गोरखपुर, लखनऊ और मुरादाबाद जैसे अहम जनपदों में वरिष्ठ पदों पर रहे। 25 जून 2025 को उन्हें सहारनपुर का एसएसपी नियुक्त किया गया था।
कैसी है पर्सनल लाइफ
कुछ समय पहले डॉक्टर अदिति से उनका विवाह हुआ, जो उत्तराखंड के बसुंगा की निवासी हैं और पेशे से एमडी चिकित्सक हैं। एक अनुशासित, नीतिपरक और टेक्नोक्रेट पृष्ठभूमि से आने वाले रोहित सजवान को उनके कार्यकाल में प्रशासनिक दक्षता और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जाना गया।
अब उनके केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर जाने को उनके करियर के लिए एक नई चुनौती और अवसर के रूप में देखा जा रहा है। वहीं सहारनपुर की कमान आशीष तिवारी को सौंप दी गई है, जिनसे जनपद में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने की उम्मीद की जा रही है।