कानपुर के नए पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने संभाली कमान, अपराध और ट्रैफिक सुधार रहेंगी बड़ी चुनौतियां

Share This

कानपुर के नए पुलिस कमिश्नर आईपीएस रघुवीर लाल ने मंगलवार शाम चार बजे पदभार ग्रहण कर लिया। पूर्व पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार ने उन्हें चार्ज सौंपा और इसके बाद वे दिल्ली रवाना हो गए। चार्ज लेने के बाद रघुवीर लाल ने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया और कहा कि शहर में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस कमिश्नर ने कहा ये

अपनी प्राथमिकताओं के बारे में उन्होंने बताया कि कानपुर उनके लिए नया नहीं है। एडीजी सुरक्षा के पद पर रहते हुए वे कई बार प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और राष्ट्रपति के कार्यक्रमों के दौरान कानपुर आ चुके हैं। अब वे शहर की कानून-व्यवस्था को और बेहतर करने के लिए तकनीक आधारित पुलिसिंग पर ज़ोर देंगे।

अखिलेश दुबे द्वारा दी गई 50 शिकायतों की दोबारा समीक्षा की जाएगी और तथ्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई होगी। माफियाओं और संगठित अपराध के खिलाफ चल रहे ऑपरेशन महाकाल को आगे भी जारी रखा जाएगा।

रघुवीर लाल ने कहा कि महिला अपराध, साइबर क्राइम और ट्रैफिक जैसी समस्याएं उनकी प्राथमिकता में रहेंगी। ट्रैफिक सुधार के लिए जल्द ही बैठक कर योजनाएं बनाई जाएंगी ताकि शहर को जाम से राहत मिल सके।

भ्रष्टाचार बर्दास्त नहीं किया जाएगा

थानों की समीक्षा अब जनसुनवाई और जनता की संतुष्टि के आधार पर होगी। जो थानेदार अच्छा कार्य करेगा उसे प्राथमिकता दी जाएगी, और लापरवाह अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई होगी।

उन्होंने यह भी साफ किया कि जिन पुलिसकर्मियों पर भ्रष्टाचार या लापरवाही के आरोप हैं, उन्हें जिले से जाना होगा। विभाग में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फिलहाल अब पूरे शहर की नजरें रघुवीर लाल पर टिकी हैं कि वे इन चुनौतियों से कैसे निपटते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *