सुल्तानपुर जिले में जनवरी माह की शुरुआत में हुए पुलिस एनकाउंटर को लेकर प्रशासनिक स्तर पर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई में मारे गए बदमाश की पहचान लखीमपुर खीरी निवासी तालिब उर्फ आजम खान के रूप में हुई थी, जिस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।
जारी हुआ नोटिस
जिलाधिकारी कुमार हर्ष ने पूरे मामले की तथ्यात्मक पड़ताल के लिए एसडीएम सदर विपिन द्विवेदी को जांच की जिम्मेदारी सौंपी है। जांच अधिकारी ने इस सिलसिले में सार्वजनिक नोटिस जारी कर कहा है कि एनकाउंटर से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी रखने वाले लोग 5 फरवरी तक अपने बयान या दस्तावेज कार्यालय में जमा करा सकते हैं।
बताया गया है कि यह घटना 5 जनवरी को लंभुआ कोतवाली क्षेत्र में उस समय हुई थी, जब सुल्तानपुर और लखीमपुर खीरी पुलिस की संयुक्त टीम संदिग्ध की तलाश में थी। पुलिस के मुताबिक, रोकने पर बदमाश ने फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया।
गंभीर रूप से घायल तालिब को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और फिर सुल्तानपुर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, 26 वर्षीय तालिब पर गौकशी, लूट, वाहन चोरी और सामूहिक दुष्कर्म जैसे संगीन मामलों सहित 17 से अधिक मुकदमे दर्ज थे। वह फरधान थाना क्षेत्र के गौरिया गांव का रहने वाला था।
पुलिस का यह भी कहना है कि कार्रवाई के समय बदमाश अपने एक साथी के साथ बाइक पर था, लेकिन अफरा-तफरी के बीच उसका साथी फरार होने में सफल रहा।
हर पहलू पर होगी जांच
घटनास्थल से दो अवैध हथियार बरामद किए जाने का दावा किया गया है। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सीने में दो गोली लगने की पुष्टि हुई है, जिसे तीन डॉक्टरों की मेडिकल टीम ने सत्यापित किया। प्रशासन का कहना है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए मजिस्ट्रेटीय जांच कराई जा रही है, ताकि हर पहलू स्पष्ट हो सके।