मैनपुरी में अवैध खनन रोकने पहुंची पुलिस पर जेसीबी चढ़ाने की कोशिश, चालक गिरफ्तार

Share This

मैनपुरी के एलाऊ थाना क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन रोकने गई पुलिस टीम पर जेसीबी से हमला करने की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना के दौरान चौकी प्रभारी और पुलिसकर्मियों ने मौके से हटकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जेसीबी चालक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला।

ये है मामला 

बताया गया कि शनिवार रात करीब 8:30 बजे इलाबांस चौकी प्रभारी दुर्योधन सिंह को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि नगला गुमानी गांव में जेसीबी मशीन से अवैध मिट्टी खनन किया जा रहा है। इसके बाद वह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और वहां चल रहे खनन को रुकवा दिया।

पुलिस ने जेसीबी और ट्रैक्टर को थाने ले जाने के निर्देश दिए, लेकिन मौके पर मौजूद मोनू और वीरू ने इसका विरोध कर दिया। दोनों ग्राम प्रधान पहाड़पुर खिल्ला गिरीश यादव के बेटे बताए जा रहे हैं। स्थिति को देखते हुए थाना प्रभारी अवनीश त्यागी और खनन विभाग के अधिकारी को भी मौके पर बुलाया गया।

इसी दौरान आरोप है कि जेसीबी चला रहे मोनू और वीरू अचानक मशीन को तेजी से गांव की तरफ ले जाने लगे। चौकी प्रभारी ने उन्हें रोकने के लिए अपनी बाइक जेसीबी के आगे लगा दी। आरोप है कि इस दौरान मोनू ने गाली-गलौज करते हुए पुलिस टीम पर जेसीबी चढ़ाने का प्रयास किया।

घटना से मौके पर हड़कंप मच गया और पुलिसकर्मियों ने बिजली के खंभे के पीछे छिपकर खुद को बचाया। बाद में दोनों आरोपी जेसीबी छोड़कर भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर मोनू को दबोच लिया, जबकि वीरू मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने वाहन किए सीज

पुलिस ने जेसीबी और ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर सीज कर दिया है। दोनों भाइयों के खिलाफ पुलिस पर हमला, सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *