प्रयागराज एक्सप्रेस में यात्रा कर रही एक महिला से जीआरपी के सिपाही द्वारा छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद विभाग ने आरोपी को निलंबित कर दिया है।
ये है मामला
सूत्रों के अनुसार, 14 अगस्त की रात प्रयागराज एक्सप्रेस में ड्यूटी पर मौजूद सिपाही आशीष गुप्ता ने कथित रूप से नशे की हालत में महिला यात्री से बात करने और जबरन छूने की कोशिश की।
महिला के विरोध करने पर उसने धमकियां भी दीं। इस दौरान ट्रेन के अन्य यात्रियों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया। क्लिप में सिपाही हाथ जोड़कर महिला से माफी मांगता दिख रहा है।
किया गया सस्पेंड
यात्रा पूरी होने के बाद पीड़िता ने प्रयागराज जीआरपी थाने में लिखित शिकायत दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए अफसरों ने तत्काल कार्रवाई की और सिपाही को लाइन से हटा दिया। जीआरपी एसपी ने पुष्टि की कि आरोपी को सस्पेंड कर दिया गया है और विभागीय जांच चल रही है।