गौतमबुद्ध नगर के ग्रेटर नोएडा में निक्की हत्याकांड मामले में पुलिस ने रविवार को बड़ी कार्रवाई की। मुख्य आरोपी और मृतका का पति विपिन भाटी, पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश कर रहा था, जिसके बाद सिरसा चौराहे के पास पुलिस मुठभेड़ में उसके पैर में गोली मारी गई। घायल अवस्था में आरोपी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
ऐसे हुई मुठभेड़
पुलिस के मुताबिक, आज जब विपिन को पूछताछ के लिए ले जाया जा रहा था तो इसी दौरान उसने मौके का फायदा उठाकर एक पुलिसकर्मी की पिस्टल छीन ली और फरार होने लगा। पुलिस टीम ने पहले चेतावनी दी, लेकिन जब वह नहीं रुका, तो आत्मरक्षा में गोली चलाई गई जो उसके पैर में लगी। उसे फौरन जिम्स कासना अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
विपिन पर आरोप है कि उसने अपनी पत्नी निक्की को ज्वलनशील पदार्थ डालकर जिंदा जला दिया था, जो गंभीर रूप से झुलसने के बाद इलाज के दौरान दम तोड़ बैठी। ये वारदात उसकी बहन कंचन और मासूम बच्चे के सामने हुई थी। कंचन ने घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड किया था।
ये लोग भी हैं आरोपी
इस हत्याकांड में पुलिस ने विपिन के अलावा उसके भाई रोहित, मां दया और पिता सत्यवीर को भी आरोपी बनाया है। सभी पर दहेज हत्या, साजिश और मारपीट जैसे गंभीर आरोप दर्ज हैं। पुलिस अब मुठभेड़ के बाद हुई गिरफ्तारी को अदालत में पेश करेगी और मामले को तेजी से ट्रायल की ओर ले जाने की तैयारी में जुटी है।