गाजियाबाद के मधुबन बापूधाम थाने में तैनात एक सिपाही सोहेल खान इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बन गए हैं। 16 अगस्त को जन्माष्टमी के मौके पर एक मंदिर में रिकॉर्ड किया गया उनका वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया।
ये है मामला
जानकारी के मुताबिक, जो वीडियो वायरल हो रहा है, उसमें गाजियाबाद पुलिस के कांस्टेबल सोहेल खान को मंदिर परिसर में खड़े देखा जा सकता है। वीडियो के बैकग्राउंड में एक इस्लामिक धुन सुनाई दे रही है। इस धुन के बोल है, “अल्लाह ही है और कोई इबादत के लायक नहीं है।”
वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं , कुछ लोग इसे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला बता रहे हैं, तो कुछ इसके पीछे जानबूझकर की गई कोई मंशा नहीं मान रहे। कुछ संगठनों ने इस घटना को लेकर विरोध जताया है। हिंदू रक्षा दल के प्रतिनिधियों ने ट्विटर के ज़रिए इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी और मुख्यमंत्री को टैग करते हुए सिपाही पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
अफसरों ने की कार्रवाई
घटना सामने आने के बाद कई यूज़र्स ने इसकी शिकायत यूपी पुलिस और गाजियाबाद पुलिस के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर की। बढ़ते विवाद को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सिपाही को लाइन हाज़िर कर दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी संवेदनशील विषय को लेकर ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी चाहिए। मामले की जांच जारी है और दोषी पाए जाने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।