पहले दिन शांतिपूर्ण रही यूपी पुलिस एसआई भर्ती परीक्षा, प्रदेशभर में लाखों अभ्यर्थियों ने आजमाई किस्मत

Share This

 

उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक और समकक्ष पदों पर भर्ती के लिए आयोजित लिखित परीक्षा का पहला दिन शनिवार को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से 14 मार्च 2026 को प्रदेश के सभी 75 जिलों में बनाए गए 1090 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा कराई गई। दिनभर चली इस प्रक्रिया में सुरक्षा और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे।

सम्पन्न हुई परीक्षा

पहले दिन परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक चली, जिसमें 2,63,838 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। इसके बाद दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित हुई, जिसमें 2,67,927 उम्मीदवार शामिल हुए। इस तरह दोनों पालियों को मिलाकर पहले दिन कुल 5,31,765 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। अधिकारियों के मुताबिक परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्था सुचारु रही और कहीं से भी किसी बड़ी गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली।

भर्ती बोर्ड के अनुसार यह परीक्षा 14 और 15 मार्च को दो दिनों तक आयोजित की जा रही है। इसके तहत प्रदेशभर में करीब 7.87 लाख अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होना था। पहले दिन कई केंद्रों पर कड़ी निगरानी के बीच अभ्यर्थियों की जांच कर प्रवेश दिया गया, जिससे परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित की जा सके।

सुरक्षा व्यवस्था रखी गई कड़ी 

परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रखी गई। सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। साथ ही केंद्रों के आसपास मोबाइल फोन और फोटोस्टेट की दुकानों को अस्थायी रूप से बंद रखने के निर्देश दिए गए थे, ताकि किसी प्रकार की अनियमितता या नकल की संभावना को रोका जा सके।

गौरतलब है कि इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक, प्लाटून कमांडर और फायर स्टेशन सेकंड अफसर समेत कुल 4543 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। लिखित परीक्षा के बाद चयन प्रक्रिया में शारीरिक दक्षता परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल परीक्षण जैसे चरण शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *