झांसी में हिस्ट्रीशीटर से पुलिस की मुठभेड़, बेटे समेत हुआ गिरफ्तार

Share This

झांसी के सदर बाजार क्षेत्र में शनिवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान कुख्यात हिस्ट्रीशीटर फिरोज उर्फ जंगी पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका बेटा आशिक मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों पर कई संगीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और लंबे समय से पुलिस इन्हें तलाश रही थी।

ऐसे हुआ पुलिस और बदमाशों का आमना-सामना

एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि सदर बाजार थाना प्रभारी प्रकाश सिंह को सूचना मिली थी कि मऊरानीपुर तिराहे के पास कुछ अपराधी देखे गए हैं। सूचना मिलते ही थाने की टीम और स्वॉट यूनिट वहां पहुंची। पुलिस को सामने देख बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए मोर्चा संभाला। गोलीबारी में फिरोज के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे काबू कर लिया गया। वहीं उसका बेटा आशिक भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे भी पकड़ लिया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, 9 अगस्त को रिटायर्ड फौजी हरिभान सिंह पर हमला करने के पीछे भी फिरोज ही था। रंगदारी और दबदबा बनाने के लिए उसने फौजी को गोली मारकर घायल किया था। घटना के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

फिरोज पर सदर बाजार समेत कई थानों में हत्या की कोशिश, रंगदारी और लूट जैसे गंभीर अपराधों के केस दर्ज हैं। उसका बेटा आशिक भी अपराध की दुनिया में कदम रख चुका है और कई मामलों में नामजद है। दोनों पिता-पुत्र इलाके में दहशत फैलाने के लिए बदनाम थे।

साथियों की तलाश जारी

मुठभेड़ में घायल फिरोज को पुलिस ने मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। वहीं आशिक से पूछताछ शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि दोनों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *