लखनऊ: उत्तर प्रदेश में संदिग्ध आतंकी गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई तेज हो गई है। प्रदेश के डीजीपी राजीव कृष्ण ने साफ शब्दों में कहा है कि लखनऊ से पकड़े गए चार संदिग्ध आतंकियों से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि इस मामले में दुबई में रह रहे साकिब के भाई आकिब के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी करने की तैयारी की जा रही है, ताकि उसे जल्द से जल्द भारत लाया जा सके।
डीजीपी ने कहा ये
डीजीपी ने जानकारी दी कि आकिब पहले भी पुलिस के रडार पर आ चुका है। उसने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एके-47 के साथ तस्वीर साझा की थी, जिसके बाद उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। हालांकि, उस समय उसने हथियार को खिलौना बताकर खुद को बचा लिया था। वर्तमान में उसके दुबई में होने की पुष्टि हुई है।
राजीव कृष्ण ने कहा कि इस पूरे मामले में शामिल हर व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यूपी एटीएस की सराहना करते हुए कहा कि एजेंसी ने एक बड़े आतंकी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है, जो प्रदेश की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकता था।
मंगलवार को जारी किया बयान
यह बयान डीजीपी ने मंगलवार को पुलिस मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दिया। यह प्रेस वार्ता मुख्य रूप से यातायात सुधार और सड़क हादसों में कमी लाने के प्रयासों की जानकारी देने के लिए आयोजित की गई थी, लेकिन इसमें सुरक्षा से जुड़े इस बड़े खुलासे पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
डीजीपी ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी और प्रदेश की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।