मिर्जापुर में आयोजित जोन स्तरीय अपराध समीक्षा बैठक में उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। इस बैठक में एडीजी जोन वाराणसी, विंध्याचल एवं वाराणसी रेंज के पुलिस महानिरीक्षक/उपमहानिरीक्षक के साथ दोनों रेंज के पुलिस अधीक्षक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
डीजीपी ने कहा ये
बैठक के दौरान गौतस्करी, संगठित अपराध और अपराधियों के खिलाफ चल रही कार्रवाई की गहन समीक्षा की गई। डीजीपी ने साफ कहा कि अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर बिना किसी ढिलाई के काम किया जाए। उन्होंने मिशन शक्ति के तहत महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और इससे जुड़े कार्यक्रमों को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

अपराध नियंत्रण में तकनीकी साधनों के उपयोग पर भी जोर दिया गया। विशेष रूप से यक्ष ऐप (Yaksh App) के प्रभावी इस्तेमाल को बढ़ाने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया, ताकि अपराध की निगरानी और नियंत्रण को और मजबूत किया जा सके। इसके साथ ही साइबर अपराधों की रोकथाम और आमजन को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाने पर भी बल दिया गया।
पारदर्शिता रखना जरूरी
डीजीपी ने ई-साक्ष्य के बेहतर उपयोग और जन शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की बात कही। उन्होंने कहा कि पुलिसिंग में पारदर्शिता और संवेदनशीलता बनाए रखना बेहद जरूरी है।
बैठक के अंत में उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम जनता के साथ मर्यादित और संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करें, जिससे पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हो सके।