महाशिवरात्रि से पहले डीजीपी सख्त, मंदिरों में कड़ी सुरक्षा के निर्देश

Share This

लखनऊ। महाशिवरात्रि और आगामी त्योहारों को लेकर राज्य में सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस महानिदेशक ने सभी पुलिस कमिश्नरों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को स्पष्ट कहा है कि मंदिरों व अन्य धार्मिक स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाए और कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता न हो।

डीजीपी ने कहा ये

डीजीपी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में कहा कि पिछले वर्षों में जहां-जहां त्योहारों के दौरान विवाद की स्थिति बनी थी, उन स्थानों को चिन्हित कर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। महाशिवरात्रि के अवसर पर प्रमुख मंदिरों, नदी घाटों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया है।

उन्होंने होलिका दहन स्थलों पर पूर्व तैयारी रखने और रमजान के दौरान मस्जिदों के आसपास नमाज के समय विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए। अधिकारियों को चेतावनी दी गई कि शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

डीजीपी ने जन शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि आइजीआरएस के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के समाधान में सुधार लाया जाए। साथ ही पुलिस को आवंटित बजट का पारदर्शी और समयबद्ध उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इस बारे में भी दिये निर्देश

उन्होंने आगामी सीसीटीएनएस 2.0 और आईसीजेएस 2.0 की लॉन्चिंग को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी करने को कहा। इसके अतिरिक्त 60 हजार आरक्षियों की तैनाती को ध्यान में रखते हुए बैरक और आवासीय व्यवस्थाएं शीघ्र पूर्ण कराने पर जोर दिया गया।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *