बरेली: सीबीगंज में सिपाही मनोज मौर्य की संदिग्ध मौत, गले पर निशान मिलने से मचा हड़कंप

Share This

 

बरेली के सीबीगंज इलाके में तैनात सिपाही मनोज मौर्य (37) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। हाल ही में ट्रांसफर होकर नए घर में शिफ्ट हुए सिपाही की मौत से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। गले पर निशान और शरीर पर खरोंच मिलने से मामला और भी संदिग्ध हो गया है। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

ये है मामला 

सीबीगंज के मोहल्ला लेवर कॉलोनी के मूल निवासी मनोज मौर्य वर्तमान में कैम्फर स्टेट कॉलोनी स्थित अपने मकान में रह रहे थे। एक सप्ताह पहले ही उन्होंने नए घर में गृहप्रवेश किया था। इससे पहले वह किराये के मकान में रहते थे और इन दिनों घर का सामान शिफ्ट करा रहे थे।

मनोज की तैनाती पहले अमरोहा में थी। करीब एक सप्ताह पूर्व उनका ट्रांसफर मुरादाबाद हुआ था, हालांकि अभी उन्होंने वहां आमद दर्ज नहीं कराई थी।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम किसी बात को लेकर उनकी पत्नी ज्योति उर्फ मीनू से कहासुनी हो गई थी। इसके बाद पत्नी ने देवर और जेठ को सूचना दी कि मनोज को हार्ट अटैक पड़ा है। सूचना मिलते ही परिजन कैम्फर स्टेट कॉलोनी पहुंचे, जहां मनोज अचेत अवस्था में मिले। उन्हें तुरंत शहर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने कहा ये

परिजनों के अनुसार, मनोज की जीभ बाहर निकली हुई थी और गले पर रस्सी जैसे निशान थे। शरीर पर नाखून की खरोंच के निशान भी बताए गए हैं। मृतक के परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटी और एक बेटा है।

थाना पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *