बरेली: सगाई के सात दिन बाद फांसी के फंदे पर झूला सिपाही, विभाग में मचा हड़कंप

Share This

बरेली शहर के बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक पुलिस सिपाही का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान मेरठ जिले के रहने वाले शिव कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो 2021 बैच के सिपाही थे और बरेली में तैनात थे।

पिछले हफ्ते हुई सगाई

जानकारी के मुताबिक, शिव कुमार पिछले कुछ समय से थाना बिथरी चैनपुर में ड्यूटी कर रहे थे और पास ही एक मकान में अपने तीन अन्य साथियों – विकास, सचिन और आकाश के साथ किराए पर रहते थे। पुलिस के मुताबिक, गुरुवार दोपहर जब वे कमरे में काफी देर तक नहीं दिखाई दिए तो उनके साथियों ने दरवाजा खटखटाया। जवाब नहीं मिलने पर दरवाजा तोड़ा गया, जहां उन्हें फांसी पर लटका पाया गया।

सूत्रों के अनुसार, शिव कुमार हाल ही में छुट्टी पर गए थे और तीन दिन पहले ही वापस लौटे थे। लौटने के बाद से वह कुछ शांत और अलग-थलग नजर आ रहे थे। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले ही उनकी सगाई भी हुई थी। हालांकि आत्महत्या के पीछे की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।

जांच में जुटी पुलिस, परिवार को दी सूचना

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा के अनुसार, घटनास्थल की बारीकी से जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। पुलिस आत्महत्या के कारणों की तहकीकात कर रही है। अभी तक कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *