अलीगढ़ के क्वार्सी थाना क्षेत्र से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है, जिसने पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। नगला पटवारी चौकी में तैनात मुख्य आरक्षी इमरान खान पर एक महिला ने गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि वह पहले से दुष्कर्म की शिकायत लेकर पुलिस के पास गई थी, लेकिन मदद के बजाय उसे मानसिक और नैतिक रूप से परेशान किया गया।
ये था मामला
शिकायत के मुताबिक, आरोपी पुलिसकर्मी ने जांच के बहाने महिला को चौकी बुलाया और बाद में व्हाट्सएप कॉल पर संपर्क करने को कहा। महिला का आरोप है कि कॉल के दौरान उसने उससे आपत्तिजनक फोटो भेजने की मांग की और होटल में मिलने का प्रस्ताव रखा। इतना ही नहीं, उसने यह भी कहा कि अगर वह उसकी बात मान लेती है, तो वह आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर उसे जेल भिजवा देगा। महिला को ईद पर कपड़े दिलाने जैसे लालच भी दिए गए।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि मना करने पर उसे धमकाया गया। आरोपी ने कथित तौर पर कहा कि अगर उसने किसी को यह बात बताई या उसकी बात नहीं मानी, तो उल्टा उसी पर केस दर्ज कर जेल भेज दिया जाएगा। इस पूरे घटनाक्रम से परेशान होकर महिला ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) से शिकायत की।
एसएसपी ने की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए SSP ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मुख्य आरक्षी को निलंबित कर दिया और उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच जारी है और सच्चाई सामने आने के बाद आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी। आरोपी फिलहाल आरोपों को निराधार बता रहा है, लेकिन विभागीय जांच ने इस प्रकरण को बेहद संवेदनशील बना दिया है।