CM योगी ने फील्ड अफसरों को दिए दिशा-निर्देश, पर्व-त्योहार और बोर्ड परीक्षाओं में सुरक्षा पर जोर

Share This

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से फील्ड अफसरों को दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने कहा कि पर्व-त्योहार उल्लास और भाईचारे का प्रतीक होते हैं, न कि किसी को आहत करने का माध्यम। उन्होंने अफसरों को स्पष्ट किया कि होली, रमजान, ईद और नवरात्र जैसे पर्व-त्योहार शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाए जाएं।

सीएम ने कहा ये

मुख्यमंत्री ने लापरवाही पर गाजियाबाद पुलिस को फटकार लगाई और सभी जिलों के अधिकारियों को हिदायत दी कि उपद्रवियों के खिलाफ कार्रवाई ऐसी हो जो नजीर बने। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था की निगरानी कड़ी रहे, और त्योहारों और बोर्ड परीक्षाओं के मद्देनजर सभी जिलों में सतर्कता बढ़ाई जाए।

CM योगी ने पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने, शोभायात्राओं में सतर्कता रखने और साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि कानफोड़ू लाउडस्पीकर हटाए जाएं और ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए संवाद का उपयोग किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि अभद्र गीत-संगीत नहीं बजना चाहिए और किसी भी उत्साह में ऐसा काम न किया जाए जिससे अन्य किसी को आहत हो।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर में निर्बाध बिजली सुनिश्चित करने पर जोर दिया और कहा कि पर्व-त्योहार के समय पर्याप्त पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं का इंतजाम किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने होली के दौरान बढ़े आवागमन को देखते हुए अतिरिक्त बसें चलाने और मनमाना किराया वसूलने वालों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई को प्रभावी बनाने का निर्देश

CM योगी ने जनसुनवाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि वे जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रहें और जनता के मुद्दों को प्राथमिकता से हल करें। इस VC मीटिंग में सभी फील्ड अफसरों को स्पष्ट दिशा-निर्देश मिल गए हैं, जिससे त्योहारों और परीक्षाओं के दौरान प्रदेश में शांति और सुव्यवस्था बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *