कानपुर: चेकिंग के दौरान तेज रफ्तार कार ने पुलिसकर्मियों को कुचलने की कोशिश, दो दारोगा और होमगार्ड घायल

Share This

कानपुर के गंगा बैराज पर मंगलवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब चेकिंग के दौरान एक तेज रफ्तार कार ने पुलिसकर्मियों को कुचलने की कोशिश कर दी। इस घटना में दो दारोगा और एक होमगार्ड गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि आरोपी कार सवार बैरियर तोड़ते हुए मौके से फरार हो गए।

ये था मामला

जानकारी के मुताबिक, गंगा बैराज पर कोहना पुलिस और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम नियमित चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान नवाबगंज की ओर से काले-नीले रंग की हुंडई कार आती दिखाई दी, जिसमें चार युवक सवार थे। पुलिस टीम ने जब कार को रुकने का इशारा किया तो चालक ने पहले गति धीमी की, लेकिन अचानक तेज रफ्तार में कार दौड़ा दी।

आरोप है कि कार सवार युवकों ने तीन बैरिकेडिंग तोड़ते हुए सीधे पुलिसकर्मियों की ओर वाहन मोड़ दिया। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और जान बचाने के लिए पुलिसकर्मियों को इधर-उधर भागना पड़ा। इसी दौरान अटल घाट चौकी प्रभारी संजय कुमार, दारोगा पूरन सिंह और होमगार्ड हरिप्रकाश कार की चपेट में आकर घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी कार सवार बैराज मार्ग से इस्कॉन मंदिर होते हुए बिठूर की ओर फरार हो गए।

जल्द होगी गिरफ्तारी

सूचना मिलते ही कोहना, नवाबगंज और स्वरूप नगर थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत एलएलआर अस्पताल भिजवाया गया। चौकी प्रभारी संजय कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि दारोगा पूरन सिंह के बाएं पैर में फ्रैक्चर बताया गया है। होमगार्ड हरिप्रकाश की हालत भी गंभीर बनी हुई है।

पुलिस ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए आसपास के थानों को अलर्ट कर दिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार और आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *