गाजियाबाद में तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने ट्रैफिक सिपाही को मारी टक्कर, हालत गंभीर

Share This

गाजियाबाद से एक चौंका देने वाला मामला सामने आया है, जहां दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर ड्यूटी कर रहे एक ट्रैफिक कांस्टेबल को तेज़ रफ्तार अर्टिगा कार ने जबरदस्त टक्कर मार दी। कार की रफ्तार लगभग 130 किलोमीटर प्रति घंटा थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सिपाही हवा में उछलकर करीब 10 फीट ऊपर गया और 100 मीटर दूर जा गिरा।

घटना का सीसीटीवी फुटेज आया सामने

यह हादसा 22 अगस्त को हुआ, जिसकी पूरी तस्वीरें अब सामने आई हैं। सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई इस घटना में साफ देखा जा सकता है कि कैसे एक तेज़ रफ्तार अर्टिगा (UP14GS9138) अचानक सिपाही से टकराती है और बिना रुके आगे निकल जाती है।

घायल सिपाही की पहचान विपिन कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से खुर्जा (विमलानगर) के निवासी हैं। उन्हें तत्काल मणिपाल हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि विपिन के दोनों पैरों में गंभीर फ्रैक्चर है और उन्हें 32 टांके लगाए गए हैं। वर्तमान में उनकी हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें आईसीयू में निगरानी में रखा गया है।

हिस्ट्रीशीटर की है कार

हादसे के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने कार की नंबर प्लेट के आधार पर उसे पकड़ लिया। जांच में सामने आया है कि आरोपी विनीत एक हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ छह से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें मारपीट और चोरी शामिल हैं। उसके पिता और चाचा पर भी आपराधिक रिकॉर्ड है।

सिपाही के भाई ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने जानबूझकर टक्कर मारी थी। पूछताछ में विनीत ने कबूल किया कि हादसे के समय वह शराब के नशे में था और उसने लेन बदलते हुए सिपाही को टक्कर मारी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *