बुलंदशहर। योगी सरकार की सख्त और प्रभावी अपराध नियंत्रण नीति के तहत उत्तर प्रदेश पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। अरनिया थाना क्षेत्र के ईशनपुर अंडरपास के पास पुलिस ने एक दस वर्षों से फरार चल रहे शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा चलाए जा रहे वाहन जांच अभियान के दौरान संदिग्ध बाइक सवार राकेश उर्फ बकरा को रोका गया, लेकिन उसने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की।
बदमाश के पैर में लगी गोली
पुलिस ने तुरंत पीछा किया और घेराबंदी की। घिरा हुआ देख राकेश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिस पर पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए बदमाश के पैर में गोली लगाई। घायल बदमाश को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस दौरान बदमाश के कब्जे से तमंचा, कारतूस और बिना नंबर प्लेट वाली बाइक बरामद हुई। पुलिस ने बताया कि राकेश पर हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, गैंगस्टर एक्ट समेत करीब 33 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पिछले दस वर्षों से फरार इस हिस्ट्रीशीटर को पकड़ना पुलिस के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है।
लगातार अभियान चला रही यूपी पुलिस
योगी सरकार की अपराध के खिलाफ शून्य सहन नीति के चलते राज्य में अपराध नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों पर पुलिस बल लगातार अपराधियों के खिलाफ अभियान चला रहा है, जिससे अपराधियों में खौफ पैदा हुआ है। पिछले आठ वर्षों में राज्य में हजारों अपराधियों की गिरफ्तारी हुई है, वहीं कई अपराधी मुठभेड़ों में ढेर भी हुए हैं।