बरेली में एक सिपाही की लापरवाही उजागर होने पर पुलिस विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। भोजीपुरा थाने में तैनात सिपाही पर आरोप था कि उसने अपने क्षेत्र में रहने वाले एक पशु तस्करी के आरोपी की गतिविधियों को नजरअंदाज किया और उसकी जानकारी को रिकॉर्ड में दर्ज नहीं किया। मामला सामने आते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने तत्काल प्रभाव से सिपाही को निलंबित कर दिया और विभागीय जांच शुरू कर दी।
ये है मामला
जानकारी के अनुसार, इसी वर्ष जनवरी में गोकशी से संबंधित एक मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में मोलागढ़ निवासी राजू कुरैशी नामक आरोपी को फरवरी में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया था। आरोपी पर पहले से ही कई आपराधिक मुकदमे दर्ज थे और वह लंबे समय से अवैध गतिविधियों में संलिप्त बताया जा रहा था। इसके बावजूद संबंधित बीट के सिपाही ने न तो उसकी गतिविधियों पर नजर रखी और न ही उसके आपराधिक इतिहास का उल्लेख बीट रजिस्टर में किया।
जांच में यह भी सामने आया कि सिपाही ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों को आरोपी के बारे में कोई सूचना नहीं दी, जबकि नियमों के अनुसार ऐसे मामलों में निगरानी और रिपोर्टिंग अनिवार्य होती है। इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए मामले की जांच सीओ हाईवे को सौंपी गई थी।
सिपाही ने ड्यूटी में बरती कोताही
जांच रिपोर्ट मिलने के बाद यह स्पष्ट हो गया कि सिपाही ने अपनी ड्यूटी में कोताही बरती। इसके आधार पर एसएसपी ने उसे निलंबित कर दिया। अब उसके खिलाफ विभागीय स्तर पर विस्तृत जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई रिपोर्ट के आधार पर तय की जाएगी।