ड्रोन उड़ान और चोरों की अफवाहों को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के बाद बरेली पुलिस भी पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। एसएसपी अनुराग आर्य ने जिलेभर में निजी आयोजनों और शादियों में प्रयोग किए जा रहे 250 से अधिक ड्रोन को जब्त कर थानों में जमा करा दिया है। अब ड्रोन उड़ाने से पहले पुलिस से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य कर दिया गया है।
एसएसपी ने जारी किया आदेश
एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों और क्षेत्राधिकारियों को आदेश जारी किए हैं कि बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने या डर फैलाने वाली झूठी सूचनाएं फैलाने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेताया है कि अगर कोई व्यक्ति ड्रोन को अफवाह फैलाने या दहशत फैलाने के मकसद से इस्तेमाल करता पाया गया तो उस पर गैंगस्टर एक्ट तक लगाया जा सकता है।
इसके साथ ही पुलिस अब ग्रामीण इलाकों में सक्रियता बढ़ाकर अफवाहों के पीछे के असली चेहरों को सामने लाने में जुटी है। पुलिस ने अब तक चोरों को लेकर फैलाई जा रही अफवाहों के चलते अराजकता फैलाने वाले 14 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है, जबकि ड्रोन के नाम पर झूठ फैलाने के एक मामले में भी गिरफ्तारी हुई है।
पुलिस ने की अपील
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सूचना पर 112 या नजदीकी थाना/चौकी को सूचित करें। साथ ही आगाह किया है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो या संदेशों की बिना पुष्टि के न तो शेयर करें और न ही उन पर भरोसा करें।