बरेली। किला थाना इलाके में शुक्रवार देर रात पुलिस और पशु तस्करों के बीच जोरदार मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो तस्कर गोली लगने से घायल हो गए, वहीं एक पुलिसकर्मी भी जख्मी हुआ। मौके से चार तस्करों को दबोच लिया गया है, जबकि चार अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।
22 अगस्त की बरामदगी से शुरू हुई थी तलाश
22 अगस्त को बाकरगंज नदी किनारे खेत से संरक्षित पशु के अवशेष मिले थे। इस खुलासे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था और पुलिस ने अज्ञात तस्करों पर मुकदमा दर्ज किया था। तभी से गिरोह की तलाश तेज थी
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापा मारा तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में मुमताज उर्फ सलमान और मोहसिन घायल हो गए, जबकि सिपाही सुनील कुमार भी गोली लगने से घायल हुए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान किला हुसैनबाग निवासी शमशुद्दीन, मुमताज, मोहसिन और सीबीगंज के वीरेंद्र यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि इनके चार अन्य साथी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए दबिश जारी है।
भारी मात्रा में मांस और हथियार मिले
पुलिस ने मौके से लगभग आधा क्विंटल संरक्षित पशु का मांस, चार तमंचे, कारतूस, सात धारदार हथियार, रस्सियां और लकड़ी का पटला बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि यह संगठित गिरोह है और इनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जा सकती है।