आजमगढ़ में भगवा रंग की मॉडिफाइड गाड़ी पर कार्रवाई, ट्रैफिक एसपी ने बीजेपी नेता को लगाई फटकार

Share This

आजमगढ़ में ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन का एक मामला इन दिनों चर्चा में है, जहां एसपी ट्रैफिक ने बीजेपी नेता महंत रामचंद्र गिरी की मॉडिफाइड स्कॉर्पियो गाड़ी को बीच सड़क पर रुकवाकर सख्त कार्रवाई की। बताया जा रहा है कि यह गाड़ी पूरी तरह भगवा रंग में रंगी हुई थी और उस पर कई ऐसे बदलाव किए गए थे, जो मोटर व्हीकल एक्ट के खिलाफ हैं।

ये है मामला

जानकारी के अनुसार, महंत रामचंद्र गिरी अपनी स्कॉर्पियो को विशेष रूप से भगवा रंग में रंगवाकर शहर में घूम रहे थे। गाड़ी के बोनट पर शिवलिंग की आकृति स्थापित थी और उसमें सायरन सहित कई अतिरिक्त उपकरण लगाए गए थे। यह सभी बदलाव न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन थे, बल्कि सार्वजनिक व्यवस्था के लिहाज से भी अनुचित माने गए।

जब एसपी ट्रैफिक की नजर इस गाड़ी पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत वाहन को रुकवाया। मौके पर ही अधिकारी ने नेता को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि वह पिछले तीन महीनों से इसी गाड़ी से शहर में नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कानून सबके लिए समान है और किसी को भी नियम तोड़ने की छूट नहीं दी जाएगी।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें अधिकारी महंत रामचंद्र गिरी को सख्त लहजे में समझाते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह गाड़ी पहले से ही चर्चा का विषय बनी हुई थी और कई बार इस पर सवाल उठ चुके थे।

महंत रामचंद्र गिरी स्थानीय स्तर पर बीजेपी से जुड़े नेता हैं और अपने खास पहनावे व भगवा गाड़ी की वजह से पहचान रखते हैं। फिलहाल पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि भविष्य में इस तरह के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *