हापुड़ के सिंभावली क्षेत्र में रविवार को उस समय तनाव फैल गया जब सोशल मीडिया पर वायरल एक हथियारबंद फोटो की जांच करने पहुँची पुलिस टीम खुद हमले का शिकार बन गई। जांच के दौरान युवक और उसके परिजनों ने पुलिसकर्मियों को घेरकर मारपीट की, जिससे दो दरोगा घायल हो गए और उनकी वर्दी तक फट गई।
वायरल फोटो से शुरू हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, सिंभावली थाना पुलिस को जानकारी मिली कि वैट गांव का रहने वाला सारिक सोशल मीडिया पर हथियार के साथ नजर आ रहा है। मामले की पुष्टि के लिए उपनिरीक्षक अशोक और संजय सिंह रविवार को टीम के साथ उसके घर पहुँचे। टीम ने जैसे ही सारिक से पूछताछ शुरू की, उसने शोर मचाकर आसपास के लोगों को इकट्ठा कर लिया।
सारिक के पिता नवाब, मां शमीम, भाई अरबाज और बहन इकरा समेत अन्य परिजन मौके पर पहुँचे और पुलिस से उलझ गए। देखते ही देखते उन्होंने पुलिसकर्मियों को घर के भीतर रोककर धक्का-मुक्की और हाथापाई शुरू कर दी। इस दौरान दोनों दरोगाओं की वर्दी फट गई और वे चोटिल हो गए।
हालात काबू में, मुकदमा दर्ज
बढ़ते हंगामे के बीच पुलिस ने अतिरिक्त बल बुलाकर टीम को बाहर निकाला और सारिक को हिरासत में ले लिया। सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि सरकारी काम में बाधा डालने, हमला करने और पुलिसकर्मियों को घायल करने के आरोप में सारिक और उसके पांच परिजनों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।