आगरा। पुलिस विभाग में पारदर्शिता और जवाबदेही को मज़बूत बनाने के लिए आगरा पुलिस कमिश्नरेट ने एक अहम पहल की है। भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने और आम नागरिकों को राहत देने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने सोमवार को हेल्पलाइन नंबर 7839860813 जारी किया।
कमिश्नर ने कहा ये
कमिश्नर ने स्पष्ट कहा कि अगर कोई भी पुलिसकर्मी आपसे रुपये की मांग करता है या किसी तरह की अनुचित वसूली करने का प्रयास करता है, तो तुरंत इस हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। इस नंबर पर आने वाली शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा और दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस कमिश्नर का कहना है कि यह हेल्पलाइन जनता को सीधे पुलिस के शीर्ष अधिकारियों तक पहुंच उपलब्ध कराएगी। अब किसी भी प्रकार की अवैध वसूली या भ्रष्ट आचरण की शिकायत पर न केवल त्वरित जांच होगी बल्कि दोषी पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मी को विभागीय और कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
उन्होंने यह भी अपील की कि नागरिक शिकायत दर्ज कराते समय अधिक से अधिक साक्ष्य उपलब्ध कराएं, जैसे ऑडियो, वीडियो या संदेश, ताकि जांच तेज़ी और पारदर्शिता के साथ पूरी की जा सके।
माना जा रहा अहम कदम
आगरा पुलिस का यह कदम विभाग की छवि सुधारने और जनता में भरोसा कायम करने की दिशा में अहम माना जा रहा है। शहरवासियों का मानना है कि इस हेल्पलाइन के शुरू होने से पुलिसकर्मियों पर भी अंकुश लगेगा और आम नागरिक निडर होकर अपनी शिकायत सामने रख सकेंगे।