आगरा। पुलिस कमिश्नरेट में अब ट्रांसफर और पोस्टिंग की प्रक्रिया और अधिक पारदर्शी व व्यवस्थित होने जा रही है। डीजीपी राजीव कृष्ण के निर्देश पर “कमिश्नरेट इंप्लाई मैनेजमेंट सिस्टम” (सीइएमएस) की शुरुआत की गई है। इस डिजिटल सिस्टम का मकसद है—सही जगह पर सही व्यक्ति की तैनाती।
एक क्लिक पर पूरी प्रोफाइल
नई व्यवस्था में किसी पुलिसकर्मी की पोस्टिंग से पहले उसकी योग्यता, अनुभव और कार्यदक्षता का पूरा रिकॉर्ड सिर्फ एक क्लिक में देखा जा सकेगा। इसमें उसकी अब तक की तैनातियां, गुडवर्क, विशेषताएं और कमियां सब दर्ज होंगी। पुलिसकर्मी की रुचि किस तरह की ड्यूटी में है, यह जानकारी भी पोर्टल पर मौजूद रहेगी।
डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने बताया कि सीइएमएस की शुरुआत सिटी जोन से की गई है। यहां अब तक 1800 से ज्यादा पुलिसकर्मियों का डाटा अपलोड हो चुका है। बाकी कर्मचारियों का विवरण दर्ज किया जाना जारी है। इस प्रोजेक्ट के नोडल अधिकारी डीसीपी मुख्यालय अली अब्बास बनाए गए हैं।
पोर्टल पर पुलिसकर्मी की शैक्षणिक योग्यता, लिए गए ट्रेनिंग, मोबाइल नंबर, बैंक खाता विवरण और परिवार से जुड़ी जानकारी भी फीड की जा रही है। इससे न केवल तैनाती तय करने में आसानी होगी, बल्कि भविष्य में टीए-डीए और अन्य भत्तों के भुगतान में भी यह पोर्टल मददगार साबित होगा।
पारदर्शी और निष्पक्ष तैनाती की ओर कदम
इस डिजिटल व्यवस्था के जरिए अब किसी पुलिसकर्मी को बुलाकर इंटरव्यू करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। अधिकारी मोबाइल या कंप्यूटर स्क्रीन पर उसकी प्रोफाइल देखकर ही निर्णय ले सकेंगे। आने वाले समय में सभी तबादले और पोस्टिंग इसी पोर्टल के माध्यम से किए जाएंगे।