उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में हुई एक बड़ी लूट की घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पिलखुवा थाना क्षेत्र में राजस्थान के एक चावल कारोबारी से 64 लाख रुपये की लूट के मामले को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी ने कड़ा कदम उठाया है। मामले में लापरवाही सामने आने पर पिलखुवा थाना प्रभारी समेत तीन पुलिस अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, जबकि पूरे प्रकरण की जांच एएसपी को सौंपी गई है।
ये है मामला
जानकारी के अनुसार राजस्थान के सीकर जिले के रहने वाले राकेश राजपूत अपने बिजनेस पार्टनर वैभव शुक्ला से मिलने हापुड़ आए थे। रेलवे रोड स्थित एक बैंक से उन्होंने 64 लाख रुपये नकद निकाले थे। इसके बाद दोनों बाइक से दिल्ली की ओर रवाना हो गए। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में स्कूटी सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और हथियार दिखाकर रुपयों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एडीजी भानु भास्कर और डीआईजी कलानिधि नैथानी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस टीमों को आवश्यक निर्देश दिए। बदमाशों की तलाश के लिए पुलिस ने लगभग 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग सका है।
डीआईजी ने दिए निर्देश
डीआईजी कलानिधि नैथानी ने अपराध पर प्रभावी नियंत्रण न रखने, गश्त में लापरवाही और क्षेत्र में समुचित निगरानी न होने को गंभीर चूक मानते हुए पिलखुवा थाना प्रभारी निरीक्षक श्यौपाल सिंह, छिजारसी चौकी प्रभारी महंतराज यादव और एसपीडीए चौकी प्रभारी जितेंद्र कुमार को निलंबित कर दिया। इसके साथ ही इस मामले की विस्तृत जांच एडिशनल एसपी हापुड़ को सौंपी गई है।