भीड़ में फंसीं एडीजी अनुपमा कुलश्रेष्ठ, मंगला आरती में अव्यवस्था से श्रद्धालुओं में आक्रोश

Share This

वृंदावन के प्रसिद्ध बांकेबिहारी मंदिर में जन्माष्टमी के पर्व पर होने वाली वार्षिक मंगला आरती इस बार अव्यवस्था और वीआईपी कल्चर की भेंट चढ़ गई। आरती में आम श्रद्धालुओं की बजाय केवल पास धारकों को ही प्रवेश की अनुमति दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद मंदिर परिसर में भारी भीड़ देखने को मिली। खास बात यह रही कि खुद एडीजी आगरा जोन अनुपमा कुलश्रेष्ठ भी इस भीड़ में फंस गईं।

जब भीड़ में फंसी एडीजी

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि मंदिर में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और अधिकारियों की भीड़ मौजूद थी। एडीजी अनुपमा कुलश्रेष्ठ जब मंदिर में दर्शन करने पहुंचीं, तो वे भी इस अव्यवस्थित भीड़ में फंस गईं।

उन्हें पुलिसकर्मियों ने मुश्किल से बाहर निकाला। इस दौरान भगदड़ जैसे हालात बन गए, जिससे एक महिला श्रद्धालु की तबीयत भी बिगड़ गई। अन्य श्रद्धालुओं ने किसी तरह उन्हें संभाला। इस घटना के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।

लोगों ने लगाए आरोप

उनका कहना है कि मंगला आरती एक विशेष आध्यात्मिक अवसर है, जिसे देखने के लिए देश-विदेश से भक्त आते हैं, लेकिन इस बार आम भक्तों को बाहर रोक दिया गया और अंदर केवल पुलिस और अधिकारी ही नजर आए।

लोगों का आरोप है कि सरकार भले ही वीआईपी कल्चर खत्म करने की बात कर रही हो, लेकिन धार्मिक स्थलों पर आज भी वीआईपी संस्कृति हावी है। श्रद्धालुओं की मांग है कि धार्मिक आयोजनों में सभी को समान अवसर दिया जाए और सुरक्षा के नाम पर आस्था के साथ खिलवाड़ न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *