बरेली। हाल ही में भड़की हिंसा के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस ने साफ कर दिया है कि दंगाइयों को किसी भी हाल में ढील नहीं दी जाएगी। शहर में उपद्रव फैलाने वाले चेहरे अब एक-एक कर कानून की गिरफ्त में आ रहे हैं। प्रशासनिक स्तर से लेकर पुलिस कप्तान तक, सभी अधिकारी इस मामले को बेहद गंभीरता से देख रहे हैं। इसी क्रम में एक और आरोपी को एनकाउंटर में गिरफ्तार किया गया है।
ताजिम एनकाउंटर में गिरफ्तार
मुख्य आरोपी मौलाना तौकीर रजा पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं। उनके करीबी और दाहिने हाथ कहे जाने वाले नदीम खान को भी पुलिस ने दबोच लिया है। अब तौकीर के अन्य सहयोगियों पर भी कार्रवाई तेज कर दी गई है। पुलिस की दबिश में आरोपी ताजीम पकड़ा गया, जिस पर पहले से ही गौकशी और तस्करी जैसे मुकदमे दर्ज हैं। एनकाउंटर में घायल हुए ताजीम के पास से तमंचा भी बरामद हुआ है।
पुलिस की इस कार्रवाई ने यह साफ संकेत दिया है कि किसी भी कीमत पर कानून-व्यवस्था से समझौता नहीं होगा। उपद्रवियों को पकड़ने के साथ-साथ उनके आर्थिक नेटवर्क और संपत्तियों की जांच भी शुरू हो गई है। यही वजह है कि अब उन लोगों के घरों तक बुलडोजर की आहट सुनाई देने लगी है, जिन्होंने दंगे को हवा देने में भूमिका निभाई।
डीएम और एसएसपी फील्ड पर
जिले के डीएम और एसएसपी लगातार टीमों के साथ फील्ड में मौजूद हैं। उनका कहना है कि माहौल खराब करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन की यह सख्ती आम लोगों में भरोसा जगा रही है कि कानून का राज कायम रहेगा और दोषियों को उनकी करतूत का अंजाम भुगतना ही होगा।