सिद्धार्थनगर में सड़क हादसा, तीन पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे

Share This

सिद्धार्थनगर में रविवार को एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब ड्यूटी पर जा रही पुलिस की बोलेरो सड़क पर बने गहरे गड्ढे के कारण पलट गई। वाहन में तीन पुलिसकर्मी सवार थे। सौभाग्य से सभी सुरक्षित बच गए और केवल मामूली चोटें आईं।

ये है मामला 

घटना बर्डपुर-मोहाना मार्ग पर बढ़या गांव के पास की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुलिस की बोलेरो सामान्य रफ्तार से जा रही थी। इसी दौरान सड़क पर अचानक गहरा गड्ढा सामने आ गया। चालक ने वाहन को बचाने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ने से गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।

स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन में फंसे पुलिसकर्मियों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर मोहाना थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। क्षतिग्रस्त बोलेरो को ट्रैक्टर की मदद से हटाया गया, जिससे कुछ समय के लिए बाधित यातायात फिर से सुचारु हो सका।

घायल पुलिसकर्मियों को प्राथमिक उपचार दिया गया। डॉक्टरों ने सभी को खतरे से बाहर बताया है। एहतियातन उन्हें आगे की जांच के लिए पुलिस लाइन भेजा गया।

पहले हो चुकी है एक मौत

ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर कई जगह बड़े गड्ढे बन चुके हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है। हाल ही में इसी सड़क पर एक अन्य हादसे में एक व्यक्ति की जान भी जा चुकी है। लोगों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि सड़क की मरम्मत समय रहते कराई जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे न हों।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *