बरेली में अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर पर हुई फायरिंग और ट्रॉनिका सिटी मुठभेड़ के बाद एक बार फिर गैंगस्टर रोहित गोदारा ने सोशल मीडिया पर धमकी भरी पोस्ट डालकर पुलिस को चुनौती दी। इस ताज़ा धमकी पर एडीजी ने दो टूक कहा कि यदि गोदारा या उसका गिरोह दोबारा ऐसी हरकत करने की कोशिश करता है, तो यूपी पुलिस सख्ती से निपटेगी। एडीजी ने साफ चेतावनी दी कि कानून को चुनौती देने वालों को किसी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
हर चुनौती का जवाब देने को तैयार पुलिस
बता दें कि बुधवार शाम यूपी एसटीएफ और दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने संयुक्त ऑपरेशन में ट्रॉनिका सिटी में मुठभेड़ के दौरान गोल्डी बरार और रोहित गोदारा गैंग के दो सक्रिय शूटरों रविंद्र और अरुण को ढेर कर दिया। दोनों बदमाशों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। मुठभेड़ में दिल्ली पुलिस और एसटीएफ के चार जवान भी घायल हुए। पुलिस ने मौके से विदेशी पिस्टल और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए हैं।
एएसपी एसटीएफ के अनुसार, 12 सितंबर को बरेली में दिशा पाटनी के घर पर नौ राउंड फायरिंग की जिम्मेदारी गोल्डी बरार गिरोह ने ली थी। इस घटना के बाद से गोदारा लगातार सोशल मीडिया के जरिए पुलिस को धमकियां दे रहा है।
अंतरराष्ट्रीय गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम से बनी फेसबुक आईडी पर डाली गई पोस्ट में लिखा है- ये एनकाउंटर हमारे जीवन की बहुत बड़ी क्षति है। इन भाइयों ने धर्म के लिए बलिदान दिया है। यह एनकाउंटर नहीं, सनातन की हार है। हम हमारे शहीद भाइयों के लिए वो काम कर सकते हैं, जिसकी वह कल्पना भी नहीं कर सकते। इसमें जिसका भी हाथ है, वो चाहे कितना भी पावर वाला हो, वक्त लग सकता है, पर इसकी माफी नहीं है।
फरार अपराधियों की तलाश तेज
ताजा पोस्ट में उसने एनकाउंटर का बदला लेने की बात लिखी, जिस पर एडीजी ने कड़ा रुख दिखाते हुए कहा कि यूपी पुलिस हर चुनौती का जवाब देने के लिए तैयार है। लोगों में भय फैलाने वालों के खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाएगी और अपराध के प्रति शून्य-सहिष्णुता की नीति अपनाई जाएगी। गिरोह के पास हथियार कहां से आते हैं? इसकी भी जांच कराई जाएगी।
एडीजी की चेतावनी के बाद पुलिस ने फरार आरोपियों नकुल और विजय की तलाश तेज कर दी है। टीमों को हरियाणा और पश्चिम यूपी में सक्रिय किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि अब गिरोह के किसी भी सदस्य को बच निकलने का मौका नहीं मिलेगा।