नेपाल में जारी आंतरिक विद्रोह और राजनीतिक अस्थिरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार सतर्क हो गई है। राज्य की सीमाएं नेपाल से सटी होने के कारण, यूपी में विशेष सुरक्षा इंतज़ाम किए गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी सीमावर्ती जिलों के प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं, वहीं डीजीपी राजीव कृष्ण ने 24×7 निगरानी और सक्रिय गश्त का आदेश जारी किया है।
अतिरिक्त पुलिस तैनात
नेपाल सीमा से सटे जिलों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। पुलिसकर्मी लगातार पेट्रोलिंग कर रहे हैं और हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। सीमावर्ती गांवों और कस्बों में भी पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी बाहरी घुसपैठ या अप्रिय घटना को रोका जा सके।
इसके अलावा सोशल मीडिया पर भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस मुख्यालय में स्थापित सोशल मीडिया यूनिट को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि नेपाल से जुड़ी किसी भी भड़काऊ या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
एडीजी ने शुरू किया ये अभियान
नेपाल में फंसे भारतीय नागरिकों की सहायता के लिए भी राज्य सरकार ने पहल की है। एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश की निगरानी में यह विशेष नियंत्रण कक्ष संचालित किया जा रहा है। राज्य सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश में अमन-शांति बनी रहे और नेपाल के हालात का कोई नकारात्मक प्रभाव यूपी की सीमाओं पर न पड़े।