संभल जिले के चंदौसी नगर में सोमवार की सुबह हुई मूसलाधार बारिश एक पुलिसकर्मी के लिए काल साबित हुई। लगातार हो रही बारिश के कारण शहर की सड़कें तालाब जैसी दिखाई दे रही थीं। इसी बीच 36 वर्षीय कांस्टेबल रजनीश कुमार, जो मेला गणेश चौथ में मुंशी की ड्यूटी पर तैनात थे, घर से बाइक लेकर निकले। उन्हें अंदाजा नहीं था कि सड़क किनारे मौजूद गहरा नाला उनकी जिंदगी पर विराम लगा देगा।
गहरे नाले में गिरी बाइक
जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 10 बजे ड्यूटी के लिए जाते समय उनकी बाइक बारिश के पानी से लबालब सड़क पर फिसली और सीधे 25 मीटर गहरे नाले में जा गिरी। नाला इतना चौड़ा और लंबा था कि रजनीश बाहर निकल ही नहीं पाए और कुछ ही पलों में पानी में समा गए। हादसा देखने वाले लोग मदद के लिए दौड़े, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब घंटेभर चले रेस्क्यू अभियान के बाद शव को बाहर निकाला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। एक ओर मेले में सुरक्षा की तैयारी चल रही थी, वहीं दूसरी ओर उसी मेले की ड्यूटी पर जा रहे पुलिसकर्मी की जान जलभराव और तेज बारिश की भेंट चढ़ गई।
एसपी ने दी जानकारी
एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि नाले की गहराई और चौड़ाई अधिक होने के कारण हादसा गंभीर बन गया। कांस्टेबल रजनीश कुमार का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर प्रशासन को चेतावनी दी है कि बारिश के दिनों में लापरवाही कितनी भारी पड़ सकती है।