जल्द शुरू होगी UP में होमगार्ड भर्ती, व्यवस्था में किए जाएंगे कुछ अहम बदलाव

Share This

उत्तर प्रदेश में होमगार्ड बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए राहत की खबर है। लंबे इंतजार के बाद राज्य सरकार ने संकेत दिया है कि जल्द ही 44 हजार से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि आवेदन और चयन की तैयारी बिना देरी पूरी की जाए।

किए गए कुछ अहम बदलाव

जानकारी के मुताबिक, इस बार भर्ती व्यवस्था में कुछ अहम बदलाव किए जा रहे हैं। प्रस्तावित नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा 30 वर्ष रखने की तैयारी है। आपदा प्रबंधन से संबंधित ट्रेनिंग या अनुभव रखने वाले अभ्यर्थियों को अतिरिक्त प्राथमिकता देने का सुझाव भी सामने आया है।

खास बात यह है कि अब केवल शारीरिक परीक्षा ही नहीं, बल्कि लिखित परीक्षा भी चयन का हिस्सा होगी, जिससे पारदर्शिता और प्रतिस्पर्धा दोनों सुनिश्चित हों।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि पूरी भर्ती प्रक्रिया निष्पक्ष तरीके से कराई जाएगी। इसके लिए पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के सहयोग से एक अलग तंत्र बनाने पर विचार चल रहा है।

ये होगी मानकता

योग्यता की दृष्टि से उम्मीदवारों का 10वीं या 12वीं पास होना आवश्यक है। चयनित होमगार्ड्स को पुलिस, यातायात, शिक्षा संस्थानों, स्वास्थ्य सेवाओं, नगर निकाय, परिवहन और आपदा प्रबंधन जैसे विभागों में तैनाती दी जाएगी।

भर्ती शुरू होने के बाद यह न केवल युवाओं को रोजगार का अवसर देगी, बल्कि प्रदेश की सुरक्षा और नागरिक सेवाओं में भी नई ऊर्जा जोड़ेगी। आधिकारिक विज्ञापन शीघ्र जारी किए जाने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *